शनिवार, 20 जून 2020

बहुत बीतीं इस बार छुट्टियां। हर बार बीततीं थीं। पर इस बार बहुत बीतीं। बहुत लम्बी हो गयीं थीं न। इसलिए। छुट्टियों ने भी कहा उन पर भी बहुत बीत रही है। घर में बंद हैं छुट्टियां। मौका लगा तो कुछ दिन कोरोना ड्यूटी में दिन काट आयीं छुट्टियां। बाहर की हवा खाकर इठला गयीं छुट्टियां। बंद फैक्ट्री के गरीबों की तो बहुत भारी थी छुट्टियां। वैसे तो चांदी की चम्मच वालों को भी बहुत तरसा गयीं छुट्टियां। घुटन में दम तोड़ती दिखीं छुट्टियां। शांति से बीतती सी दिखतीं किसी की सुशांत हो गयीं छुट्टियां। कहीं पटरी पर रोटी बिखेर गयीं छुट्टियां। कहीं पैरों में बिवाई दे गयीं छुट्टियां। घरों के चूल्हे बुझा गयीं छुट्टियां। मित्रों का यथार्थ बता गयीं छुट्टियां। सड़कों , गलियों को वीरान कर गयीं छुट्टियां। घर में बंद रहकर भी डरा गयीं छुट्टियां। छुट्टियां भी कितना डराती हैं बता गयीं छुट्टियां। गली के गोल गप्पों , चहल कदमियों को रुला गयीं छुट्टियां। ख़राब नहीं होता काम में बिजी होना , बता गयीं छुट्टियां। मेहनतकशों को भी निकम्मा बना गयीं छुट्टियां। निकम्मों को और हरा बना गयीं छुट्टियां। फेसबुक से ऑनलाइन बना गयीं छुट्टियां। दूरियां क्या होती हैं , समझा गयीं छुट्टियां। परिवार को परिवार बना गयीं छुट्टियां। मकान को घर बना गयीं छुट्टियां। बीततीं बीततीं खुद को ही थका गयीं छुट्टियां। छुट्टियों पर क्या बीतती है , खुद बता गयीं छुट्टियां। घर के बहुत से काम निपटा गयीं छुट्टियां। ऑफिस जाने को ललचा गयीं छुट्टियां। रिश्तेदारों की याद दिला गयीं छुटियाँ। स्कूलों को ऑनलाइन बना गयीं छुट्टियां। एक को दूसरे से डरा गयीं छुट्टियां। गले लगने वालों में दूरियां बना गयीं छुट्टियां। शेक हैंड से नमस्ते करा गयीं छुट्टियां। बड़ी हस्तियों को बाई बना गयीं छुट्टियां। अच्छे अच्छों से सफाई करा गयीं छुट्टियां। घर में रहने वाली के काम समझा गयीं छुट्टियां। सिर्फ खाने वालों को बनाना सिखा गयीं छुट्टियां। हर विभाग का हाल समझा गयीं छुट्टियां।  नेताओं से राजनीति करा गयीं छुट्टियां। जीवन की अनिश्चितता समझा गयीं छुट्टियां। बहुतों का घमंड चुरा गयीं छुट्टियां। विकसित देशों की पोल दिखला गयीं छुट्टियां। आयुर्वेद क्या है , समझा गयीं छुट्टियां। सनातन का महत्व बता गयीं छुट्टियां। अति क्या होती है , बता गयीं छुट्टियां। छोटा बड़ा का फर्क समझा गयीं छुट्टियां। परमाणु का महत्व समझा गयीं छुट्टियां। प्रकृति को छेड़ने का असर दिखा गयीं छुटियाँ। क्षणभंगुर है जीवन , समझा गयीं छुट्टियां। पीढ़ियों की चिंता निर्मूल है , बता गयीं छुट्टियां। बीमार के प्रति प्रेम की पोल खुलवा गयीं छुटियाँ। स्वार्थ बड़ा है , समझा गयीं छुट्टियां। अपनी आग पहले बुझाओ , बता गयीं छुट्टियां।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें